भारत में स्मार्टफोन के मुकाबले टैबलेट का बाजार छोटा जरूर है, लेकिन जो लोग पढ़ाई, ऑनलाइन क्लास, वीडियो देखने या हल्के-फुल्के काम के लिए टैबलेट चाहते हैं, उनके लिए सही ऑप्शन ढूंढना आसान नहीं होता। जनवरी 2026 में Redmi ने भारतीय बाजार में अपना नया टैबलेट Redmi Pad 2 Pro लॉन्च किया है। इसकी शुरुआती कीमत 24,999 रुपये रखी गई है। इस कीमत में यह टैबलेट बड़ी स्क्रीन, 12000mAh की बड़ी बैटरी और नए सॉफ्टवेयर के साथ आता है। हमने करीब एक हफ्ते तक Redmi Pad 2 Pro का इस्तेमाल किया और इस Redmi Pad2 Pro Review में आपको आसान भाषा में बताएंगे कि यह टैबलेट आपके लिए कितना सही साबित हो सकता है।
डिजाइन और लुक
Redmi Pad 2 Pro को यूनिबॉडी मेटल डिजाइन के साथ पेश किया गया है। टैबलेट को हाथ में लेते ही यह मजबूत महसूस होता है। इसका रियर पैनल फ्लैट है और एक हिस्से में हल्का सा डिजाइन पैटर्न दिया गया है, जहां कैमरा और Redmi की ब्रांडिंग मौजूद है। कैमरा मॉड्यूल ज्यादा बाहर नहीं निकला हुआ है, जिससे टैबलेट रखने पर हिलता नहीं है। इस टैबलेट के दोनों साइड में स्पीकर ग्रिल दी गई हैं। दाईं ओर पावर बटन है और बाईं ओर USB Type-C पोर्ट के साथ 3.5mm हेडफोन जैक भी मिलता है, जो आज के समय में कई डिवाइस से गायब हो चुका है। ऊपर की साइड वॉल्यूम बटन और सिम ट्रे दी गई है।
Redmi Pad 2 Pro दो रंगों में आता है, Graphite Grey और Quick Silver। हमने क्विक सिल्वर कलर इस्तेमाल किया, जो देखने में काफी प्रीमियम लगता है। टैबलेट का वजन करीब 600 ग्राम है, जो थोड़ा भारी जरूर है, लेकिन इसकी मोटाई करीब 7.5mm होने की वजह से पकड़ अच्छी बनती है। बड़ी स्क्रीन और बड़ी बैटरी के बावजूद इसे कैरी करना मुश्किल नहीं लगता।
डिस्प्ले: बड़ी स्क्रीन पर कंटेंट देखने का मजा
Redmi Pad2 Pro Review में डिस्प्ले एक बड़ा प्लस पॉइंट बनकर सामने आता है। इसमें 12.1 इंच की 2.5K LCD स्क्रीन दी गई है, जिसका रेजोल्यूशन 2560 x 1600 पिक्सल है। स्क्रीन का आस्पेक्ट रेश्यो 16:10 है, जो वीडियो देखने और पढ़ने दोनों के लिए सही रहता है। इस टैबलेट पर OTT प्लेटफॉर्म पर मूवी देखना और YouTube वीडियो चलाना काफी अच्छा अनुभव देता है। Dolby Vision और Dolby Atmos सपोर्ट की वजह से वीडियो क्वालिटी और साउंड दोनों बेहतर लगते हैं। रंग नेचुरल दिखाई देते हैं और ब्राइटनेस भी ठीक-ठाक है।
Redmi Pad 2 Pro में 120Hz का रिफ्रेश रेट और 360Hz का टच सैंपलिंग दिया गया है। स्क्रॉलिंग स्मूद रहती है और टच रिस्पॉन्स भी तेज महसूस होता है। 600 निट्स की ब्राइटनेस इंडोर इस्तेमाल के लिए काफी है और आउटडोर में भी सामान्य काम चल जाता है। हालांकि यह AMOLED डिस्प्ले नहीं है, इसलिए कलर थोड़े सॉफ्ट लगते हैं, लेकिन लंबे समय तक इस्तेमाल में आंखों पर ज्यादा जोर नहीं पड़ता। TÜV Rheinland लो ब्लू लाइट और फ्लिकर फ्री सर्टिफिकेशन मिलने से यह टैबलेट पढ़ाई और ऑनलाइन क्लास के लिए भी सही बनता है।
बैटरी: सबसे बड़ी ताकत
अगर इस Redmi Pad2 Pro Review में किसी एक चीज की सबसे ज्यादा तारीफ करनी हो, तो वह इसकी बैटरी है। Redmi Pad 2 Pro में 12000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। कंपनी का दावा है कि यह टैबलेट लंबे समय तक चल सकता है और इस्तेमाल के दौरान भी यही बात सामने आई। नॉर्मल इस्तेमाल में, जिसमें रोजाना 2 से 3 घंटे वीडियो देखना, थोड़ा ब्राउजिंग और बाकी समय स्टैंडबाय शामिल था, टैबलेट 4 से 5 दिन तक आसानी से चल गया। YouTube पर 30 मिनट वीडियो चलाने पर बैटरी करीब 3 प्रतिशत ही कम हुई।
इस टैबलेट में 33W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है और अच्छी बात यह है कि चार्जर बॉक्स में ही मिलता है। बैटरी को 20 प्रतिशत से 100 प्रतिशत चार्ज होने में लगभग डेढ़ घंटे का समय लगा। एक खास फीचर इसमें 27W रिवर्स चार्जिंग का है। यानी Redmi Pad 2 Pro को आप पावरबैंक की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं और इससे फोन, ईयरबड्स या स्मार्टवॉच चार्ज कर सकते हैं। टैबलेट में यह फीचर काफी कम देखने को मिलता है।
परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर
Redmi Pad 2 Pro HyperOS 2 पर चलता है, जो एंड्रॉयड पर आधारित है। कंपनी इसमें 5 साल तक एंड्रॉयड अपडेट और 7 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही है, जो इस कीमत में बड़ी बात है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें Qualcomm Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है, जो 4nm टेक्नोलॉजी पर बना है। इसके साथ Adreno 810 GPU मिलता है। टैबलेट में LPDDR4X RAM और UFS 2.2 स्टोरेज का इस्तेमाल किया गया है। डेली इस्तेमाल में टैबलेट स्मूद चलता है। ऐप्स ओपन करना, ब्राउजिंग करना और वीडियो देखना बिना किसी बड़ी दिक्कत के हो जाता है। मल्टीटास्किंग बहुत ज्यादा तेज नहीं है, लेकिन सामान्य इस्तेमाल में लैग महसूस नहीं हुआ। मल्टी विंडो और फ्लोटिंग विंडो जैसे फीचर्स काम को आसान बनाते हैं।
गेमिंग अनुभव
Redmi Pad2 Pro Review में गेमिंग की बात करें तो यह टैबलेट हार्डकोर गेमर्स के लिए नहीं है, लेकिन कैजुअल गेमिंग के लिए ठीक है। BGMI और Call of Duty जैसे गेम मीडियम से हाई सेटिंग पर खेले जा सकते हैं। लंबे गेमिंग सेशन में ज्यादा हीटिंग नहीं हुई और बैटरी ड्रॉप भी कंट्रोल में रहा।
कैमरा: उम्मीद से बेहतर रिजल्ट
टैबलेट में कैमरा आमतौर पर सबसे कमजोर हिस्सा होता है, लेकिन Redmi Pad 2 Pro यहां थोड़ी सरप्राइज देता है। इसमें आगे और पीछे दोनों तरफ 8MP कैमरा दिया गया है। रियर कैमरा से ली गई फोटो ठीक-ठाक आती हैं। डॉक्यूमेंट स्कैन करने, नोट्स लेने और कभी-कभार फोटो खींचने के लिए यह कैमरा काम का है। 1080p 60fps वीडियो रिकॉर्डिंग भी सपोर्ट करता है। फ्रंट कैमरा ऑनलाइन क्लास और वीडियो कॉल के लिए अच्छा है। HDR सपोर्ट और सॉफ्टवेयर ट्यूनिंग की वजह से स्किन टोन सही दिखाई देती है।
कनेक्टिविटी और बाकी फीचर्स
Redmi Pad 2 Pro में क्वाड स्पीकर्स दिए गए हैं, जिनकी आवाज तेज और साफ है। Wi-Fi 6 और Bluetooth 5.4 सपोर्ट मिलता है। इसमें Dual 5G SIM का ऑप्शन भी दिया गया है, जो टैबलेट को फोन की तरह इस्तेमाल करने वालों के लिए फायदेमंद है। Redmi Smart Pen और Pad 2 Pro Keyboard का सपोर्ट भी मिलता है, जिन्हें अलग से खरीदा जा सकता है। पढ़ाई और ऑफिस वर्क के लिए ये एक्सेसरीज काम आ सकती हैं।
कीमत और फैसला
Redmi Pad 2 Pro Wi-Fi वेरिएंट 8GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ 24,999 रुपये में आता है। 5G वेरिएंट 27,999 रुपये और 29,999 रुपये में उपलब्ध है। अगर आपको बड़ी स्क्रीन, लंबी बैटरी लाइफ और भरोसेमंद सॉफ्टवेयर अपडेट वाला टैबलेट चाहिए, तो Redmi Pad 2 Pro एक अच्छा ऑप्शन साबित हो सकता है। यह परफॉर्मेंस में औसत है, लेकिन बैटरी और डिस्प्ले के मामले में मजबूत है। 25 से 30 हजार की रेंज में यह टैबलेट नुकसान का सौदा नहीं कहा जा सकता।
ये भी पढ़ें: क्या OnePlus Pad Go 2 सच में पैसा वसूल है? 1 महीने के इस्तेमाल के बाद सच्चाई!
Redmi Pad 2 Pro Specifications
| फीचर | विवरण |
|---|---|
| डिस्प्ले | 12.1 इंच 2.5K LCD, 120Hz |
| रेजोल्यूशन | 2560 x 1600 पिक्सल |
| प्रोसेसर | Snapdragon 7s Gen 4 |
| GPU | Adreno 810 |
| RAM | 8GB |
| स्टोरेज | 128GB / 256GB |
| सॉफ्टवेयर | HyperOS 2 (Android आधारित) |
| बैटरी | 12000mAh |
| चार्जिंग | 33W फास्ट चार्ज, 27W रिवर्स |
| रियर कैमरा | 8MP |
| फ्रंट कैमरा | 8MP |
| कनेक्टिविटी | Wi-Fi 6, Bluetooth 5.4, Dual 5G |
| वजन | लगभग 600 ग्राम |
| कीमत | ₹24,999 से शुरू |


