Lava Agni 4 Review: स्टाइल और डिस्प्ले ने दिल जीता, गेमिंग ने किया निराश !

Lava Agni 4 Review: भारतीय स्मार्टफोन बाजार में जब ज्यादातर लोग चीनी और कोरियाई ब्रांड्स की तरफ देखते हैं, ऐसे समय में देसी कंपनी Lava ने अपना नया स्मार्टफोन Lava Agni 4 लॉन्च किया है। यह फोन कंपनी की Agni सीरीज का अब तक का सबसे महंगा स्मार्टफोन है, जिसकी कीमत 24,999 रुपये रखी गई है। इस कीमत में यूजर्स की उम्मीदें भी काफी बढ़ जाती हैं। हमने Lava Agni 4 को करीब दो हफ्ते तक इस्तेमाल किया और रोजमर्रा के काम से लेकर गेमिंग और कैमरा तक हर पहलू को अच्छे से परखा।

यह फोन पहली नजर में ही प्रीमियम फील देता है। डिजाइन से लेकर डिस्प्ले तक Lava ने इस बार साफ दिखाया है कि वह मिड रेंज सेगमेंट में एक मजबूत पहचान बनाना चाहता है। हालांकि, कुछ जगहों पर यह फोन थोड़ा निराश भी करता है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि Lava Agni 4 आपके लिए सही है या नहीं।

बॉक्स खोलते ही मिलता है पूरा पैकेज

Lava Agni 4 Review: आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन कंपनियां बॉक्स में सिर्फ फोन और चार्जिंग केबल देती हैं, लेकिन Lava ने यहां दिल जीतने की कोशिश की है। Lava Agni 4 के बॉक्स में फोन के साथ एक अच्छी क्वालिटी का ट्रांसपैरेंट कवर, 66W का फास्ट चार्जर, USB Type-C केबल, सिम इजेक्टर टूल और जरूरी कागजात मिलते हैं। खास बात यह है कि चार्जर अलग से खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती, जो इस कीमत में एक बड़ा प्लस पॉइंट है।

डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी से बनती है पहली छाप

Lava Agni 4 को हाथ में लेते ही यह एक प्रीमियम फोन जैसा लगता है। फोन का एल्युमिनियम फ्रेम मजबूत है और पीछे की तरफ मैट फिनिश वाला ग्लास दिया गया है। इससे फोन पर उंगलियों के निशान कम पड़ते हैं और पकड़ भी अच्छी रहती है। हमारे पास रिव्यू के लिए लूनर मिस्ट व्हाइट कलर वेरिएंट था, जो देखने में काफी साफ और एलिगेंट लगता है।

फोन का कैमरा मॉड्यूल थोड़ा बड़ा है। कुछ लोगों को यह डिजाइन अजीब लग सकता है, लेकिन आजकल कई बड़े ब्रांड्स इसी तरह का कैमरा डिजाइन इस्तेमाल कर रहे हैं। फोन की मोटाई 8.6mm है और वजन करीब 208 ग्राम है। यह थोड़ा भारी जरूर लगता है, लेकिन रोज के इस्तेमाल में ज्यादा परेशानी नहीं होती।

डिस्प्ले क्वालिटी देख कर आएगा मजा

Lava Agni 4 में 6.67 इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जिसका रिफ्रेश रेट 120Hz है। स्क्रीन की ब्राइटनेस 2400 निट्स तक जाती है, जिससे तेज धूप में भी डिस्प्ले साफ दिखाई देता है। वीडियो देखना, सोशल मीडिया स्क्रॉल करना और फोटो देखना इस फोन पर काफी अच्छा अनुभव देता है। कलर्स काफी ब्राइट और नेचुरल नजर आते हैं। हालांकि, HDR कंटेंट को लेकर थोड़ी कमी महसूस होती है, क्योंकि नेटफ्लिक्स पर HDR सपोर्ट नहीं मिलता। कभी-कभी स्क्रॉल करते समय हल्का सा जिटर भी दिखता है, लेकिन यह रोज के इस्तेमाल में ज्यादा परेशान नहीं करता।

स्पीकर्स और वाइब्रेशन का अनुभव

फोन में स्टीरियो स्पीकर्स दिए गए हैं, जो सामान्य इस्तेमाल में अच्छी आवाज देते हैं। म्यूजिक और वीडियो देखते समय साउंड तेज और साफ रहती है, लेकिन अगर वॉल्यूम बहुत ज्यादा कर दिया जाए तो आवाज थोड़ी कर्कश लगने लगती है। गेमिंग के दौरान स्टीरियो स्पीकर्स का फायदा जरूर मिलता है। हैप्टिक फीडबैक इस रेंज के हिसाब से ठीक-ठाक है। यह सबसे बेस्ट तो नहीं है, लेकिन रोज के इस्तेमाल में काम चल जाता है।

परफॉर्मेंस और गेमिंग का सच

Lava Agni 4 में MediaTek Dimensity 8350 प्रोसेसर दिया गया है। रोजमर्रा के काम जैसे ऐप खोलना, मल्टीटास्किंग, यूट्यूब देखना और सोशल मीडिया चलाना काफी स्मूद रहता है। फोन हैंग या स्लो महसूस नहीं होता। लेकिन गेमिंग के मामले में यह फोन थोड़ा पीछे रह जाता है। BGMI जैसे पॉपुलर गेम में यह फोन सिर्फ 60 FPS तक ही सपोर्ट करता है, जबकि आजकल इससे सस्ते फोन भी 90 या 120 FPS ऑफर कर रहे हैं। इसके अलावा, 10 से 15 मिनट गेम खेलने के बाद फोन गर्म होने लगता है। यहां सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन और कूलिंग सिस्टम में सुधार की जरूरत साफ नजर आती है।

कैमरा परफॉर्मेंस कहां मजबूत, कहां कमजोर

Lava Agni 4 में पीछे की तरफ 50MP का मेन कैमरा और 8MP का अल्ट्रावाइड कैमरा दिया गया है। सामने की तरफ 50MP का सेल्फी कैमरा मिलता है। दिन की रोशनी में कैमरा शानदार फोटो खींचता है। फोटो में डिटेल अच्छी रहती है और कलर्स भी नैचुरल नजर आते हैं। पोर्ट्रेट मोड भी ठीक काम करता है।

यह फोन एक खास फीचर के साथ आता है, जिसमें 4K 60fps वीडियो रिकॉर्ड करते समय फोटो भी ली जा सकती है। हालांकि, लो-लाइट में कैमरा थोड़ा कमजोर पड़ता है। फोटो सॉफ्ट और नॉइजी हो जाती हैं। अल्ट्रावाइड कैमरा में ऑटोफोकस की कमी भी महसूस होती है। कभी-कभी स्किन टोन ज्यादा लाल दिखने लगती है।

बैटरी और चार्जिंग में अच्छा संतुलन

Lava Agni 4 में 5000mAh की बैटरी दी गई है। सामान्य इस्तेमाल में यह फोन 5 से 6 घंटे का स्क्रीन ऑन टाइम आराम से दे देता है। अगर आप ज्यादा गेमिंग नहीं करते हैं, तो फोन पूरे दिन आसानी से चल जाता है।

66W फास्ट चार्जिंग की मदद से फोन करीब 50 मिनट में फुल चार्ज हो जाता है। यह चार्जिंग स्पीड इस रेंज में अच्छी मानी जाती है। हालांकि, कुछ यूजर्स इस कीमत में थोड़ी बड़ी बैटरी की उम्मीद कर सकते हैं।

खरीदें या नहीं?

Lava Agni 4 Review: Lava Agni 4 एक ऐसा फोन है जो अपने प्रीमियम डिजाइन, शानदार डिस्प्ले और क्लीन सॉफ्टवेयर के कारण दिल जीतता है। जो लोग स्टाइलिश फोन चाहते हैं, रोजमर्रा के काम बिना रुकावट करना चाहते हैं और देसी ब्रांड को सपोर्ट करना चाहते हैं, उनके लिए यह एक अच्छा विकल्प है। लेकिन अगर आपकी प्राथमिकता ज्यादा गेमिंग या लो-लाइट फोटोग्राफी है, तो इस फोन के बजाय दूसरे विकल्प देखना बेहतर रहेगा। कुल मिलाकर Lava Agni 4 को 5 में से 3.5 की रेटिंग दी जा सकती है।

ये भी पढ़ें: डुअल स्क्रीन वाला Lava Blaze Duo 3! 15 हजार में मिल सकता है ऐसा फोन!

Lava Agni 4 Specifications

फीचरविवरण
कीमत₹24,999
डिस्प्ले6.67-इंच 1.5K AMOLED
रिफ्रेश रेट120Hz
ब्राइटनेस2400 निट्स
प्रोसेसरMediaTek Dimensity 8350
रियर कैमरा50MP + 8MP
फ्रंट कैमरा50MP
वीडियो4K 60fps
बैटरी5000mAh
चार्जिंग66W फास्ट चार्ज
मोटाई8.6mm
वजन208 ग्राम
स्पीकर्सस्टीरियो
रेटिंग3.5/5

Leave a Comment