भारत में फिटनेस वॉच का बाजार तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसी दुनिया में Garmin अपनी अलग पहचान बना चुका है। कुछ समय पहले कंपनी ने अपनी नई रनिंग स्मार्टवॉच Garmin Forerunner 570 को भारत में लॉन्च किया। लॉन्च के बाद से ही यह वॉच चर्चा में है, वजह है इसका प्राइस और इसकी एक्यूरेसी। भारत में इसकी कीमत 66,990 रुपये रखी गई है, जो पहली नजर में काफी ज्यादा लगती है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या यह वॉच सच में इतनी कीमत के लायक है या फिर सिर्फ ब्रांड की वजह से महंगी लगती है?
क्या है दावा Garmin Forerunner 570 का?
भारत में रनिंग और ट्रायथलॉन करने वाले यूज़र्स की संख्या बढ़ी है, और Garmin का दावा है कि Forerunner 570 खास तौर पर उन्हीं के लिए बनाई गई है। हमने इस वॉच के फीचर्स, परफॉर्मेंस और यूजर एक्सपीरियंस को करीब से समझा, ताकि आपको साफ तस्वीर मिल सके कि आखिर यह वॉच किसके लिए बनी है और कौन इसे खरीदकर खुश रहेगा।
डिज़ाइन में क्या है खास?
नई Forerunner 570 का डिज़ाइन जितना सिंपल दिखता है, उतना ही प्रैक्टिकल महसूस होता है। इसमें एल्युमिनियम बेज़ल और सॉफ्ट सिलिकॉन स्ट्रैप दिया गया है, जिसे लंबे समय तक पहनने पर भी कोई दिक्कत नहीं होती। घड़ी का वजन करीब 50 ग्राम है, इसलिए यह 24 घंटे पहनने वाली स्मार्टवॉच की तरह आसानी से इस्तेमाल की जा सकती है। खासकर मल्टी-डे रेस या लंबे रनिंग वर्कआउट में यह वजन बिल्कुल परेशान नहीं करता। इसका 47mm वेरिएंट बड़े रिस्ट वाले यूज़र्स के लिए परफेक्ट है। अगर आपकी कलाई पतली है तो इसका 42mm मॉडल ज्यादा बेहतर रहेगा। वॉच में पांच फिजिकल बटन दिए गए हैं, जिनकी क्वालिटी काफी अच्छी है। एक बात जो काफी उपयोगी साबित होती है वह है—वर्कआउट के समय टच अपने आप बंद हो जाना। इससे गलती से स्क्रीन पर स्वाइप होने की समस्या खत्म हो जाती है।
एक छोटी शिकायत यह जरूर है कि कभी-कभी बटन दबाते समय बाल अटक जाते हैं, और गर्मी में स्ट्रैप थोड़ी चिपचिपाहट महसूस करा सकता है, लेकिन ये बातें परफॉर्मेंस या डिज़ाइन के बड़े सेटबैक नहीं हैं।
क्या कुछ दिया है डिस्प्ले में

यह वॉच 1.4 इंच के 360×360 AMOLED डिस्प्ले के साथ आती है। स्क्रीन काफी ब्राइट है और धूप में भी साफ नजर आती है। यह रात में टॉर्च की तरह भी काम करती है, जो कई स्थितियों में काम आ जाती है। डिस्प्ले का रिस्पॉन्स हमेशा स्मूथ रहता है और स्क्रोलिंग में रुकावट नहीं मिलती। Garmin का OS बाकी ब्रांड्स जैसे Apple या Samsung जितना फैंसी तो नहीं है, लेकिन काफी हल्का और सीधा-सादा है। इसमें मॉर्निंग रिपोर्ट, HRV स्टेटस और ट्रेनिंग रेडीनेस जैसी चीजें एक नजर में दिखाई देती हैं। हां, वॉच फेस के फ्री ऑप्शन्स बहुत कम हैं और अच्छे वॉच फेस अक्सर पेड मिलते हैं, जो कई यूज़र्स को पसंद नहीं आएगा।
फीचर्स और परफॉरमेंस की ताकत
Garmin Forerunner 570 की सबसे बड़ी खासियत इसकी एक्यूरेसी है। इसका डुअल-फ्रीक्वेंसी GPS बहुत ही सटीक डेटा देता है। चाहे आप शहर की संकरी गलियों में दौड़ रहे हों या खुले मैदान में, GPS ट्रैकिंग बिल्कुल भरोसेमंद रहती है। इसी तरह कंपनी का नया Elevate Gen 5 HR सेंसर अब तक के Garmin वॉचों में सबसे बेहतर माना जा रहा है। दौड़ते समय, HIIT वर्कआउट के दौरान और हाई-इंटेंसिटी ट्रेनिंग में यह सेंसर कमाल की सटीकता देता है। स्लीप ट्रैकिंग भी अच्छी है, हालांकि कभी-कभी यह डीप स्लीप को थोड़ा ज्यादा दिखा देती है। इसके अलावा स्टेप काउंटिंग भी लगभग सही रहती है। रनिंग और ट्रायथलॉन करने वालों के लिए Garmin ने कुछ नए फीचर भी जोड़े हैं जैसे Finish Line Estimates, Auto Lap by Timing Gates और Garmin Coach के पर्सनलाइज्ड ट्रेनिंग प्लान।
इन फीचर्स की वजह से यह वॉच उन लोगों के लिए खास है जो अपनी दौड़ और फिटनेस को बहुत गंभीरता से लेते हैं और हर छोटे डेटा को रिकॉर्ड करके सुधार करना चाहते हैं।
एडवांस्ड इमरजेंसी फीचर
Garmin ने सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा है। अगर आप दौड़ते समय गिर जाते हैं या कोई दुर्घटना होती है तो यह वॉच Emergency Contacts को आपकी लोकेशन भेज सकती है। Incident Detection और LiveTrack जैसे फीचर्स सड़क पर दौड़ने वालों के लिए काफी जरूरी हैं। इसके अलावा इसमें 8GB म्यूजिक स्टोरेज, ब्लूटूथ कॉलिंग, वॉयस कमांड और Garmin Pay जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। बैटरी की बात करें तो यह वॉच स्मार्टवॉच मोड में करीब 10 दिन चल सकती है और GPS + कॉलिंग के साथ भी लगभग एक हफ्ते तक आसानी से चल जाती है।
क्या है खामियाँ?
अब बात उन चीजों की जो इस कीमत में मिसिंग हैं। इस वॉच में ECG नहीं है, ऑफलाइन मैप्स नहीं हैं, LTE सपोर्ट नहीं है और बॉक्स में स्टैंडर्ड चार्जर भी नहीं मिलता। इतनी महंगी वॉच से लोग ये उम्मीद जरूर रखते हैं।
भारत में इसकी कीमत 66,990 रुपये है, जबकि ग्लोबल मार्केट में इसकी कीमत 499–549 डॉलर (लगभग 42–46 हजार रुपये) है। यानी भारतीय कीमत लगभग 20 हजार रुपये ज्यादा हो जाती है। इसी वजह से बहुत से यूज़र्स इसे महंगा मान रहे हैं। Garmin के अन्य मॉडल जैसे Forerunner 265 लगभग यही फीचर्स 35–45 हजार रुपये में दे देता है। वहीं Forerunner 965 में मैप्स और ECG भी मिल जाते हैं और कीमत भी लगभग इसी के आसपास आती है। Apple Watch Series 10 और Ultra भी ECG और अच्छी हेल्थ ट्रैकिंग कम या बराबर कीमत में दे रही हैं।
आखिर Forerunner 570 की खासियत क्या है?
सबसे बड़ा फायदा इसकी बैटरी लाइफ और रनिंग/ट्रायथलॉन के लिए डिटेल्ड ट्रेनिंग डेटा है। Apple या Samsung वॉच इतनी डिटेल्ड एथलीट-लेवल मेट्रिक्स पर फोकस नहीं करतीं।
अगर आप एक कैज़ुअल यूज़र हैं, सिर्फ स्टेप्स या बेसिक हेल्थ ट्रैकिंग चाहते हैं, तो यह वॉच आपके लिए नहीं है। लेकिन अगर आप सीरियस रनर हैं, ट्रायथलॉन करते हैं या हर डेटा को गहराई से ट्रैक करके अपने परफॉर्मेंस को बेहतर करना चाहते हैं, तब Forerunner 570 आपके लिए पैसा वसूल हो सकती है—बस भारत में इसकी कीमत थोड़ा ऊंची है।
Product Specification
| फीचर | डिटेल |
|---|---|
| मॉडल | Garmin Forerunner 570 |
| कीमत (भारत) | ₹66,990 |
| ग्लोबल प्राइस | $499–$549 |
| डिस्प्ले | 1.4 इंच AMOLED, 360×360 रेज़ोल्यूशन |
| वजन | लगभग 50 ग्राम |
| बेज़ल | एल्युमिनियम |
| स्ट्रैप | सॉफ्ट सिलिकॉन |
| GPS | डुअल-फ्रीक्वेंसी GPS |
| HR सेंसर | Elevate Gen 5 |
| बैटरी लाइफ | स्मार्टवॉच मोड में 10 दिन तक |
| म्यूजिक स्टोरेज | 8GB |
| कॉलिंग सपोर्ट | ब्लूटूथ कॉलिंग |
| वॉयस सपोर्ट | हाँ |
| Garmin Pay | हाँ |
| सुरक्षा फीचर्स | Incident Detection, LiveTrack |
| मिसिंग फीचर्स | ECG, ऑफलाइन मैप्स, LTE, स्टैंडर्ड चार्जर |



